संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। स्पीकर साहब, मेरे वार्ड के गांव गोलपुरा में बिजली का एक खंभा सड़क के बीचोबीच खड़ा है। कई बार बिजली निगम के अफसरों को बता चुके हैं, मगर उसे हटवाया नहीं जा रहा है। यह शिकायत जिला परिषद के वार्ड-8 से पार्षद बहादुर सिंह राणा ने जनता दरबार में विधानसभा स्पीकर के सामने रखी। बहादुर सिंह राणा ने बताया कि सड़क के बीचोबीच खंभा खड़ा होने के कारण वाहनों को वहां से गुजरने में परेशानी होती है। रात के समय तो हादसा होने का डर बना रहता है। इसके अलावा गांव के ही बॉबी राणा की छत के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। परिवार के सदस्य डर के मारे छत पर भी नहीं जा सकते। ऊपर निर्माण नहीं करवा पा रहे। इस बारे में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, मगर अधिकारी सुनते ही नहीं हैं। यह गांव रायपुररानी ब्लॉक में आता है। इसके अलावा गांव चंडी कोटला में अनाधिकृत कब्जे और स्टार्टअप शुरू करने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी के मामलों में भी उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुप्ता ने बताया कि पंचकूला में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इसमें मेडिकल कॉलेज भी शामिल है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। इसके अलावा पंचकूला को स्लम फ्री बनाने के लिए बस्तियों में रहने वाले लोगों का सर्वे कर उनकी पहचान की गई है। उन्हें पक्की छत उपलब्ध करवाई जाएगी। ज्ञानचंद गुप्ता ने फोन पर अधिकारियों से बात कर ज्यादातर समस्याओं का समाधान कराया। जिनका तुरंत समाधान संभव नहीं था, उन मामलों में जल्द से जल्द कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद हरेंद्र मलिक, नरेंद्र लुबाना, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री योगेंद्र शर्मा, माता मनसा देवी मंडल महामंत्री प्रमोद वत्स आदि उपस्थित रहे।
बस जांच से पीछा छुड़वा दो स्पीकर साहब
ऐसी ही एक गंभीर समस्या गांव सुंदरपुर की रही। सुंदरपुर निवासी व्यक्ति ने बताया कि गांव में उनकी जमीन है, जिसे पंचायती बताया जा रहा है। उसकी जांच उपायुक्त कार्यालय में है। मामले की जांच 2006 से चल रही है। कई बार अधिकारी गांव में गए। मौका मुआयना किया, मगर समाधान कोई नहीं हो रहा है। व्यक्ति ने कहा कि इस मामले में फैसला करवा दीजिए, भले ही हमारे खिलाफ ही करवा दीजिए। बस इस जांच से हमारा पीछा छूट जाए।
गुगामाढ़ी से तारबंदी हटाने की मांग
गांव सकेतड़ी में बनी गुगामाढ़ी पर वन विभाग द्वारा तारबंदी किए जाने पर ग्रामीणों ने वहां से तार हटवाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि गुगामाढ़ी लोगों की आस्था का केंद्र है। मगर तारबंदी के कारण लोग वहां जा ही नहीं पा रहे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने वन विभाग के अधिकारियों को मामले में संज्ञान लेने के निर्देश दिए।