चंडीगढ़। पंजाब की मंडियों में शुक्रवार को गेहूं की आमद 105 लाख मीट्रिक टन को पार कर गई। इस तरह, आमद के मामले में पिछले साल पूरे सीजन में मंडियों में पहुंची 102.7 लाख मीट्रिक टन का रिकार्ड टूट गया है। इस बीच, सरकारी एजेंसियों ने अब तक 100 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीद ली है, जो पिछले साल की कुल 96.45 लाख मीट्रिक टन खरीद से अधिक है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि शुक्रवार को मंडियों में 4.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई है जबकि कुल खरीद, पिछले सीजन की तुलना में कम से कम 20 लाख मीट्रिक टन अधिक होगी। इस साल पंजाब, केंद्रीय अनाज भंडार में 50 प्रतिशत से अधिक गेहूं का योगदान देने को तैयार है।
न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों को भुगतान के बारे में कटारूचक्क ने बताया कि पिछले साल के रिकाॅर्ड पार करते हुए 5,72,822 किसानों को एमएसपी के आधार पर 18366 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को खरीद के 48 घंटे के भीतर अदायगी हो जाए।