मोरनी। क्षेत्र में खेल स्टेडियम के निर्माण में पंचायतों के पास पर्याप्त जमीन का नहीं होना स्टेडियम के निर्माण में रोड़ा बना हुआ है। इससे युवाओं और खेल में पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों में मायूसी है। मोरनी में स्टेडियम नहीं होने से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चे तैयारियां नहीं कर पाते हैं। ऐसे में उनकी प्रतिभाएं दबकर रह जाती हैं। क्षेत्र के खिलाड़ियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और खेल मंत्री संदीप सिंह से उनके क्षेत्र में स्टेडियम बनाने के नियमों में ढील देने की मांग की है।
यह बोले सरपंच
सरपंच विरेंद्र सिंह, मामचंद भंवरा, पवन शर्मा, बलदेव सिंह, खेम सिंह, अजय राणा समेत अन्य सरपंचों ने बताया कि इलाके की 23 पंचायतों में किसी के भी पास चार एकड़ जगह नहीं है। अगर किसी के पास होगी भी तो वहां पर खेल स्टेडियम का निर्माण रास्ते की समस्या के कारण करना मुश्किल होगा। अगर सरकार नियमों में ढील दे तो मोरनी क्षेत्र को स्टेडियम की सौगात मिल सकती है। युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा पूरे देश में मनवा सकते हैं।
यह है सरकार स्टेडियम बनाने के नियम
सरकार की सहायता से किसी भी जगह स्टेडियम बनाने के लिए चार एकड़ जगह की आवश्यकता होती है। साथ ही वह चार एकड़ जमीन राजस्व विभाग में पंचायत के नाम पर दर्ज होना जरूरी है। पहाड़ी क्षेत्र को देखकर यहां पर जल्द निर्माण करवाया जाना चाहिए।
खिलाड़ी रोहित शर्मा ने बताया कि यहां पर खिलाड़ियों के खेलने की जगह शेरला ताल थी। वहां पर उसका विस्तार कर खुदाई की गई। सारी जगह पानी से भर गया। खिलाड़ियों के खेलने की सरकार को यहां पर इस मुख्य मांग को जल्द पूरा करना चाहिए।
गजेंद्र सिंह बैहलों ने बताया कि खेल स्टेडियम बनने से यहां पर टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। सैलानी अपने खाली समय में मनोरंजन के लिए स्टेडियम का इस्तेमाल किया करेंगे। इसके साथ-साथ किसी भी सार्वजनिक कामों में भी इसका इस्तेमाल हो सकेगा।