गैंगस्टर दीपक मुंडी, जगरूप रूपा और मनप्रीत मनु के साथ तरनतारन में ही था। वे तीनों जुलाई के पहले सप्ताह तक पंजाब में साथ ही घूम रहे थे। दीपक मुंडी 8 जुलाई के आसपास तरनतारन में सबसे अलग हो गया। पुलिस इन्हीं सुरागों पर आगे बढ़ रही है।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस बड़े ऑपरेशन की तैयारी में है। पुलिस को हत्याकांड में शामिल फरार शूटर दीपक मुंडी को लेकर बड़े सुराग हाथ लगे हैं। इसके बाद पंजाब पुलिस सूबे के छह जिलों में मुंडी की गिरफ्तारी को लेकर छापे मार रही है।
विज्ञापन
मूसेवाला की हत्या के मामले में जांच कर रही पंजाब पुलिस के सामने कुछ ऐसे तथ्य आए हैं जिनसे शूटर दीपक मुंडी का सीधा संपर्क है। सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान नई बात यह सामने आई है कि शूटर और गैंगस्टर दीपक मुंडी, जगरूप रूपा और मनप्रीत मनु के साथ तरनतारन में ही था। वे तीनों जुलाई के पहले सप्ताह तक पंजाब में साथ ही घूम रहे थे।
पुलिस को यह भी पता चला है कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग के दो अन्य गुर्गे भी तीनों के साथ थे। फरार दीपक मुंडी 8 जुलाई के आसपास तरनतारन में सबसे अलग हो गया। हालांकि इसके अलावा भी कुछ अहम सुराग पुलिस को लगे हैं जिनका खुलासा पुलिस अधिकारियों ने अभी नहीं किया है। पुलिस सिर्फ उन्हीं सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। साथ ही पुलिस अब शूटर दीपक मुंडी की तलाश में विभिन्न जगहों पर छापे मार रही है। मूसेवाला हत्याकांड में अब तक 3 शूटर गिरफ्तार हो चुके हैं और दो पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
बोलेरो मॉड्यूल का हिस्सा था मुंडी
मूसेवाला हत्याकांड में बोलेरो और कोरोला मॉड्यूल का इस्तेमाल किया गया था। दीपक मुंडी बोलेरो मॉड्यूल का हिस्सा था। इसका नेतृत्व हरियाणा का शार्प शूटर प्रियव्रत फौजी कर रहा था। उनके साथ अंकित सिरसा और कशिश भी थे। मूसेवाला की हत्या के बाद ये चारों गुजरात भाग गए।
मानसा पुलिस और एजीटीएफ टीमें कर रहीं काम
दीपक मुंडी की गिरफ्तारी के लिए मानसा पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) छापे मार रही हैं। पुलिस को शूटर के एक ठिकाने के बारे में सुराग लगा है। पुलिस की टीमें इस पर काम कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस टीमें मुंडी के करीब पहुंच चुकी हैं, जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।