पंचकूला। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पैसेंजर एमेनिटीज कमेटी की टीम पहुंची। इस टीम की अध्यक्षता कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने की। स्टेशन पर दौरे के दौरान उन्होंने यहां लगे सीसीटीवी की खराब हालत पर चिंता जताई और यहां पर एटीएम की सुविधा नहीं होने के कारण नाराजगी भी जताई।
उन्होंने दोनों ही सुविधाएं देने के लिए इनकी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश स्थानीय अधिकारियों को दिए। उनके साथ कमेटी के सदस्यों में कैलाश वर्मा, विचित्र नारायण, अभिजीत दास, उमा रानी, मधु सूदन और तेजिंदर सराहां शामिल रहे। इस अवसर पर कमेटी की टीम के अलावा रेवले विभाग के बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से बातचीत भी की। वहां मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। यात्रियों ने स्टेशन पर मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया और कोई भी नया सुझाव नहीं दिया।
आरएलडीए बनाएगी वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन
चंडीगढ़-पंचकूला रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाया जाना है। इस पर रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी काम कर रही है। कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने बताया कि इसके लिए फिजीबिल्टी चेक की जा रही है। नक्शा भी बनकर तैयार हो चुका है। टीम इस पर गंभीरता से काम कर रही है।
छोटी-छोटी कमियां मिलीं, बाकी सब ठीक
टीम को जांच के दौरान रेलवे स्टेशन पर छोटी-छोटी कमियां मिली। स्टेशन पर मोबाइल चार्जिंग के लिए प्वाइंट तो हैं पर फोन रखने के लिए स्टैंड नहीं हैं। चंडीगढ़ की ओर अधिकारियों के कार्यालयों के साथ लगी कुर्सियों पर पंखे नहीं हैं। दिव्यांगों के शौचालय के बाहर रैंप नहीं बनाए गए हैं। कमेटी की टीम ने ये सभी कमियां भी एक महीने में दूर करने के निर्देश दिए हैं। कमियों को ठीक करने के बाद उनकी फोटो उतारकर टीम के पास भेजनी होगी।
जीआरपी थाने में नहीं कपड़े बदलने की जगह
टीम ने जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनीषा से सुरक्षा के बारे में भी बातचीत की। वहां दर्ज होने वाले केसों की जानकारी ली। इंस्पेक्टर मनीषा ने बताया कि जीआरपी थाने की हालत बहुत ज्यादा खस्ता है। थाने में महिला कर्मचारी भी हैं। उनके कपड़े बदलने तक की जगह थाने में नहीं है। जीआरपी थाना प्रभारी ने पूरे थाने की बिल्डिंग की मरम्मत करवाने की मांग की है।
डिस्पले देख चेयरमैन बोले- कुछ समझ नहीं आ रहा
कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने जब सीसीटीवी कंट्रोल रूम में डिस्पले देखी तो उन्होंने हैरानी जताई। उन्होंने स्टेशन पर खुद की एंट्री दिखाने की बात कही तो ऑपरेटर ने गेट पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की बात बताई। वहीं सीसीटीवी कैमरों की क्वालिटी देखकर उन्होंने कहा फुटेज की क्वालिटी इतनी खराब है कि कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यहां पर चार अच्छी तरह की क्वालिटी के कम से कम 250 कैमरे लगने चाहिए।
दंगों का असर रोकने को मांगे सुझाव
पीके कृष्णदास ने कहा कि जब भी कोई दंगा या विरोध प्रदर्शन होता है तो असामाजिक तत्व रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं। इस नुकसान को रोकना है। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों से सुझाव मांगे कि इसके लिए क्या प्रयोग किया जा सकता है, जिससे संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।
बंद ट्रेनों को चलानी की करेंगे बात
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद जो ट्रेन दोबारा शुरू नहीं हो सकी हैं उनको चलाने के लिए रेलवे विभाग के आला अधिकारियों के साथ बातचीत की जाएगी। चंडीगढ़ में चार ट्रेन हैं जो कोरोना काल के बाद से नहीं चली हैं। इसके अलावा डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस सप्ताह में दो से घटाकर केवल एक दिन कर दी है।
चेयरमैन ने खुद पीकर देखा टंकी पानी
रेलवे स्टेशन पर लगाए गए वाटर बूथ में पानी की जांच पीके कृष्णदास ने मौके पर खुद की। उन्होंने बूथ से पानी पीकर देखा। इसके अलावा उन्होंने बुक स्टाल, दवा दोस्त, एस्कीलेटर, लिफ्ट और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।
टिकट वेंडिंग मशीन दुरुस्त करवाने का दिया निर्देश
कमेटी टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे एक अधिकारी ने पंचकूला प्लेटफार्म पर टिकट वेंडिंग मशीन की जांच की। उन्होंने पेटीएम से पैसे देकर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट खरीदी। लेकिन टिकट मशीन के अंदर ही फंस गई। अधिकारी ने जब अंदर हाथ डाला तो ही टिकट मिली। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेंडिंग मशीन को दुरुस्त कराया जाए।