चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मोरनी रोड स्थित एक होटल के सिक्योरिटी गार्ड को व्हाट्सएप स्टेट्स पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान कजाफी अहमद गांव दिलदार जिला कुपवाड़ा कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
कश्मीर निवासी युवक ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक वीडियो डाला था, जिसमें पाकिस्तानी नेता कश्मीर को आजाद करने और भारतीय सेना के अपमान की बातें कर रहा था। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने नाडा गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज किया है। गार्ड ने जिस वीडियो को पोस्ट किया है, उसमें नेता भाषण में बता रहा है कि कश्मीर लेना है। इतना ही नहीं वह आतंकवादी बुरहान की जमकर तारीफ कर रहा है। वीडियो में भारतीय सेना के अपमान के बारे में भड़काया जा रहा है।
नाडा गांव निवासी व्यक्ति ने उसका देश विरोधी स्टेटस देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।