पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को रानी लक्ष्मीबाई के शहीदी दिवस पर सेक्टर 25 स्थित सामुदायिक केंद्र का रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर नामकरण किया। इसके उपरांत उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल और पंचकूला नगर निगम के आयुक्त धर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे।
‘शहीदों की चिताओं पर लगेगें हर बरस मेले, वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा’ से अपना संबोधन शुरू करते हुए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई उन वीरांगनाओं में से हैं जिन्होंने अंग्रेजों के आगे सर नहीं झुकाया और अंग्रेजी सेना के छक्के छुड़ा दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने और युवाओं को उनके बलिदानों से प्रेरणा देने के लिए पंचकूला के सभी सामुदायिक केंद्रो का नाम शहीदों के नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि जब भी महिलाओं के सशक्तिकरण की बात होती है तो महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की चर्चा जरूर होती है। इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मंडल महामंत्री सिद्धार्थ राणा, अरविंद सहगल, पार्षद अक्षयदीप चौधरी, ओमवती पुनिया, संदीप सोही, प्रसिद्ध साहित्यकार एमएम जुनेजा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।