पंचकूला। पुलिस भर्ती में तीन लोगों की लिखित परीक्षा देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानिक सिंह निवासी गांव निंदाना थाना महम जिला रोहतक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-5 परेड ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मानिक सिंह को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा है। पंचकूला पुलिस की एसआईटी अब तक दूसरे की जगह फिजिकल टेस्ट में छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पंचकूला सेक्टर-5 थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि उसने तीन लोगों की जगह लिखित परीक्षा दी है। उसने बताया कि अंकित, अमित और संदीप लाठर नाम के उम्मीदवारों की उसने परीक्षा दी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस इन तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि वे भोले उम्मीदवारों को अपना शिकार बनाने का प्रयास करते हैं। वह सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में आकर उम्मीदवारों की पैरवी का प्रयास भी करता है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक कार भी बरामद की है। इसमें अंकित नाम के उम्मीदवार के पैरवी के लिए वह आया था। उम्मीदवारों से पैसे लेने की बात भी सामने आई है।