अमृतसर। सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के लिए पहुंचने वाली संगत को रिहायश की सुविधा का विस्तार करने के लिए एसजीपीसी की ओर से श्री दरबार साहिब के निकट चौक बाबा साहिब में भाई जैता जी संगत निवास बनाने की शुरुआत की गई है। इस संगत निवास की कार सेवा किला आनंदगढ़ साहिब संप्रदाय की ओर से की जाएगी।
अरदास के बाद कारसेवा की शुरुआत करने के बाद एसजीपीसी प्रधान बीबी जागीर कौर ने बताया कि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में पूरे विश्व की संगत नतमस्तक होने पहुंचती है, जिनके आराम करने के लिए कमेटी की ओर से रिहायशों में समय-समय पर वृद्धि की जाती है। इसके तहत ही श्री दरबार साहिब के नजदीक चौक बाबा साहिब में नया यात्री निवास तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसमें बेसमेंट के अलावा 45 कमरे और 22 हाल तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में संगत की आमद में बड़ी वृद्धि होने के चलते रिहायश की कमी को दूर करने के लिए शिरोमणि कमेटी की ओर से यह प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य जगह पर नई सराय बनाई जाएंगी। इस अवसर पर बाबा सूचा सिंह किला आनंदगढ़ वालों ने शिरोमणि कमेटी की ओर से भाई जैता जी निवास की सेवा देने के लिए बीबी जागीर कौर का धन्यवाद किया और कहा कि वे प्रयास करेंगे कि सराय निर्माण का काम जल्द से जल्द मुकम्मल किया जा सके।
इस अवसर पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह लुधियाना, शिरोमणि कमेटी के सीनियर उप प्रधान सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, महासचिव एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका, मुख्य सचिव एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और बाबा सतनाम सिंह भी मौजूद थे।