चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना (एमएमपीएसवाई) के 3,14,446 लाभार्थियों का 5.33 करोड़ रुपये प्रीमियम सीधे उनके बैंक खातों में डाला। उन्होंने 29 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर लाभान्वित भी किया। यहां हरियाणा निवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के 1,00,856 लाभार्थियों के 3,32,82,480 रुपये, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के 1,82,916 लाभार्थियों के 21,94,992 रुपये, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन (पीएमएसवाईएमवाई), प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन पेंशन योजना (पीएमएलवीएमवाई) और प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन पेंशन योजना (पीएमएलवीएमवाई) के 30,674 लाभार्थियों की 1,78,22,500 रुपये की प्रीमियम राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष पात्र हितग्राहियों को भी समय पर भुगतान कर दिया जाएगा।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े डीसी ने जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अन्य लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2014 से ही अंत्योदय के पथ पर चलते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना केंद्र सरकार की पांच योजनाओं के लिए एक एकल प्लेटफॉर्म है, जिसमें पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई, एमएसवाईएमवाई, पीएमएलवीएमवाई और पीएमएलवीएमवाई के प्रीमियम की प्रतिपूर्ति सरकार करती है। हमारा लक्ष्य 31 मार्च 2022 तक इन योजनाओं के तहत अधिकतम लाभार्थियों को कवर करना है। मुख्यमंत्री ने अभी तक अपना नामांकन नहीं कराने वालों से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। परिवार पहचान पत्र के तहत 10.73 लाख ऐसे परिवार पंजीकृत हैं, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम या उसके बराबर है।
1.80 लाख वार्षिक वालों को आयुष्मान भारत का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.80 लाख रुपये वार्षिक आय वाले वे सभी परिवार जो अभी तक सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना (एसईसीसी) 2011 में शामिल नहीं हैं, उन्हें भी आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। उनके प्रीमियम का भुगतान भी राज्य सरकार करेगी।