पंचकूला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नववर्ष पर शनिवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेका। माता मनसा देवी मंदिर पहुंचने पर उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक महावीर कौशिक ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, गेल की पूर्व निदेशक बंतो कटारिया भी उपस्थित रहीं। इसके बाद राज्यपाल ने रेडक्रॉस वृद्धाश्रम सेक्टर-15 पहुंचकर बुजुर्गों का हालचाल पूछा और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर उन्होंने वृद्धाश्रम में 25 बुजुर्गों को कंबल और फल वितरित किए। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों ने राज्यपाल के साथ अपने अनुभव साझा किए। दत्तात्रेय ने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के लिए हर 15 दिन बाद धार्मिक प्रवचनों का आयोजन करने की व्यवस्था की जाए ताकि वे अध्यात्म से जुड़े रहे और अकेलापन महसूस ना करें। इसके अलावा उन्होंने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी हासिल की। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक, डीसीपी मोहित हांडा, रेडक्रॉस सोसाइटी की सचिव सविता अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।