चंडीगढ़। पंजाब में वीरवार से जमीनों की रजिस्ट्रियां शुरू हो जाएंगी। सरकार के आश्वासन के बाद राजस्व विभाग के कर्मियों ने हड़ताल समाप्ति का फैसला किया है। राजस्व मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा ने राजस्व अधिकारी संघ के साथ बैठक कर जल्द उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा ने बुधवार को पंजाब सिविल सचिवालय -1 में पंजाब राजस्व अधिकारी संघ के साथ बैठक की। संघ के प्रतिनिधियों की मुश्किलें सुनते हुए कैबिनेट मंत्री ने उनको भरोसा दिया कि उनकी सभी मांगों पर हमदर्दी से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनओसी संबंधी विस्तृत हिदायतें जल्द ही जारी की जाएंगी जिससे उनको रजिस्ट्रियां करने की प्रक्रिया के दौरान कोई दिक्कत न आए। उन्होंने हड़ताल पर बैठे स्टाफ को बड़े सार्वजनिक हितों को प्रमुख रखते हुए तुरंत ड्यूटी संभालने की अपील की। बैठक में संघ के प्रतिनिधियों ने राजस्व मंत्री को भरोसा दिया कि वह लोगों को पारदर्शी ढंग से निर्विघ्न सेवाएं प्रदान करने के लिए तुरंत काम पर लौटेंगे।
सरकार ने दिया था अल्टीमेटम
राजस्व विभाग की हड़ताल को लेकर पंजाब सरकार की ओर से अल्टीमेटम दिया गया था। सरकार की ओर से हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों के लिए नो वर्क नो पे लागू कर दिया था। साथ ही सर्विस ब्रेक की भी चेतावनी जारी की गई थी।