पंचकूला। रंजीत सिंह हत्याकांड के मामले में वीरवार को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गुरमीत राम रहीम और आरोपी कृष्ण लाल वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश हुए। वहीं इसमें आरोपी जसबीर सिंह, अवतार सिंह और सबदिल सीबीआई कोर्ट में प्रत्यक्ष रूप से पेश हुए। सुनवाई के दौरान सीबीआई कोर्ट में बचाव पक्ष के वकील गुरमीत राम रहीम के वकील अमित तिवारी की तरफ से अंतिम बहस जारी रही।
यह बहस अगली सुनवाई में भी चलेगी। वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से बहस पूरी कर ली गई है। मामले की अगली सुनवाई 10 अगस्त को होगी। गौरतलब है कि रंजीत मर्डर मामले में फाइनल बहस जारी है। फाइनल बहस पूरी होने के बाद अगले कुछ दिनों में कोर्ट इस मामले में अपना फैसला भी सुना सकती है। बता दें कि रंजीत सिंह आरोपी गुरमीत राम रहीम के सिरसा स्थित डेरा का मैनेजर था। रंजीत की हत्या गोली मारकर की गई थी।