चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा लाई जा रही नई आबकारी नीति राज्य के राजस्व की खुली लूट है। आबकारी नीति का दिल्ली मॉडल लागू होने जा रहा है जिससे आप को हर महीने 30 करोड़ का फायदा होगा। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को चंडीगढ़ में कहा कि वह पंजाब का पैसा बाहर नहीं जाने देंगे, इसके लिए चाहे उन्हें हाईकोर्ट जाना पड़े वे जाएंगे।
पार्टी मुख्यालय में सिरसा ने पत्रकारों को बताया कि आप दो कंपनियों को इस नीति के जरिये फायदा पहुंचाना चाह रही है। एक इंडो स्पिरिट्स और दूसरी ब्रिंडको स्पिरिट्स कंपनी। इनको लाभ पहुंचाने के लिए एकाधिकार की व्यवस्था बनाने का आरोप लगाते हुए सिरसा ने कहा कि 30 मई को दिल्ली में एक बैठक हुई। इसमें विजय नायर, हरपाल चीमा, राघव चड्ढा, अमनदीप सिंह ढल, सत्येंद्र जैन स्वास्थ्य मंत्री शामिल हुए।
सिरसा ने कहा कि हाल यह है कि एक अभूतपूर्व कदम में नीति तैयार की गई है कि दो कंपनियों को 12 प्रतिशत का भारी लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। यह लूट नहीं है बल्कि राज्य के राजस्व की सरासर डकैती है। इन दोनों कंपनियों के मालिक अमनदीप सिंह ढल और समीर महेंद्रू बैठक में उपस्थित थे। जहां आबकारी नीति बनाई जा रही है, वहां सरकारी अधिकारियों और मंत्रियों के साथ शराब कारोबारी क्यों मौजूद रहे।
सिरसा ने बताया कि इस नई आबकारी नीति से धन जुटाने के लिए आप द्वारा रचे जा रहे घोटाले की जांच के लिए सीबीआई और ईडी के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। आप को हर महीने 30 करोड़ रुपये की बेहिसाब रकम मिल रही है।