चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में विभिन्न इन्फोर्समेंट टीमों की तरफ से राज्य में 7 फरवरी तक 396.03 करोड़ रुपये कीमत की वस्तुएं जब्त की हैं।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस. करुणा राजू ने बताया कि निगरान टीमों ने 23.51 करोड़ रुपये की 41.39 लाख लीटर शराब जब्त की है। इसी तरह इन्फोर्समेंट विंग की तरफ से 313.69 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद करने के अलावा 24.83 करोड़ रुपये की बेनामी नकदी भी जब्त की गई है। 1350 अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। सुरक्षा के नजरिए से सीआरपीसी एक्ट की धाराओं के अंतर्गत 1869 व्यक्तियों को काबू किया गया है। सभी 2921 गैरजमानती वारंटों के मामलों पर कार्रवाई की जा चुकी है। राज्य में 21330 नाके लगाऐ गए हैं।
डॉ. राजू ने बताया कि निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार राज्य में कुल 3,90,275 लाइसेंसी हथियारों में से अब तक 3,78,496 जमा करवाए जा चुके हैं, जबकि 100 बिना लाइसेंस वाले हथियार जब्त किए गए हैं।