पंचकूला। हरियाणा रोजगार विभाग की ओर से 28 मार्च से 1 अप्रैल तक मनाए जा रहे व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय पंचकूला की ओर से राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सेक्टर-26 में व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता वित्तीय साक्षरता सलाहकार अरुण शर्मा ने देश-विदेश में शिक्षा प्राप्त करने और ऋण लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग विभाग के औद्योगिक विस्तार अधिकारी रोहित ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत स्वरोजगार आरंभ करने के लिए 10 से 25 लाख रुपये तक के ऋण का प्रावधान है और यह 15-25 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि पीएमएफएमई में माइक्रो फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए भी ऋण उपलब्ध करवाया जाता है और इस पर 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाती है। इसमें अधिकतम राशि 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाई जाती है।
पंचकूला सहायक रोजगार अधिकारी शालिनी ने उपस्थित विद्यार्थियों को बहुतकनीकी कोर्स के पश्चात अपना करिअर चुनने से संबंधित मार्गदर्शन दिया और समय का सही उपयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने और रोजगार कार्यालय में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए भी मार्गदर्शन किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इस मौके पर प्रेरित किया गया कि वह सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर उद्योग को स्थापित कर सकते हैं। इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सेक्टर-26 के प्रिंसिपल दलजीत सिंह, एटीपीओ नेहा और हितेश अग्रवाल मौजूद रहे।