फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिंजौर गार्डन आए उपमुख्यमंत्री का विरोध, किसानों ने दिखाए काले झंडे, पुलिस ने हिरासत में लिए किसान

विज्ञापन
मोटल से बाहर आकर नारेबाजी करते हुए किसान। - फोटो : PKL OFFICE
विज्ञापन
पिंजौर। पिंजौर के यादविन्द्रा गार्डन में ‘हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन’ के स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से तीज महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शिरकत की। वहीं, दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री के पहुंचने की किसानों को जैसे ही सूचना मिली तो 50 के करीब किसान मोटल तक पहुंच गए और नारेबाजी कर रोष जताया। वहीं, पुलिस ने नारेबाजी करने वाले किसानों को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार प्रयास करेगी कि प्रदेश के हर सेक्रेटेरिएट में स्वयं सहायता समूह की दो दुकानें खोली जाएं जिनमें एक खाने के समान की व दूसरी अन्य उत्पादों की हो। इससे जहां इन समूहों की महिलाओं को रोजगार प्राप्त होगा वहीं, लोकल-ब्रांड को प्रोत्साहन मिलेगा। हमारी कोशिश है कि इन स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को ब्रांड बनाया जाए ताकि बड़ी कंपनियों की तरफ न देखना पड़े। भारत की आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस अवसर पर श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित झा, महानिदेशक आरसी बिधान, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह, एसडीएम कालका राकेश संधु, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कौर, जेजेपी के शहरी प्रधान ओपी सिहाग, ग्रामीण प्रधान भाग सिंह दमदमा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

स्वयं सहायता समूहों को ऋण किए वितरित
उपमुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के हस्त शिल्पियों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इसके बाद स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरित किए। इनके अलावा सर्वश्रेष्ठ स्टॉल, जिला व समूह को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने गुरुग्राम के उस स्वयं सहायता समूह की विशेष तौर पर सराहना की जिसने ‘फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया से पंजीकरण करवाकर अपने उत्पादों को बाजार में उतारा है। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को तीज के पावन पर्व की बधाई देते हुए समाज मे महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन’ ने अभी तक 4.50 लाख महिलाओं को सशक्त किया है और भविष्य में भी मदद का आश्वासन दिया।
तीन कृषि कानूनों को लेकर जताया रोष
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिंजौर गार्डन में पहुंचने की सूचना जैसे ही भारतीय किसान यूनियन नेताओं को मिली तो उन्होंने सभी किसानों से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का विरोध करने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री का गार्डन पहुंचने का कार्यक्रम था। इसे लेकर पुलिस बल पिंजौर गार्डन के प्रवेश द्वार के समीप तैनात था। स्थानीय किसानों को पिंजौर के सभी रास्तों का पता होने के चलते किसान गार्डन के आगे मुख्य गेट से आने की बजाय गार्डन की पिछली ओर से मोटल तक पहुंच गए। जैसे ही पुलिस को किसानों के इस ओर आने की जानकारी मिली वे तुरंत मोटल तक पहुंचे तब तक किसान मोटल में घुस चुके थे। वे मोटल के भीतर दुष्यंत चौटाला के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंडरग्राउंड बने कमरों तक पहुंच गए। किसानों को लगा कि वे इस रास्ते से गार्डन में प्रवेश कर जाएंगे परंतु आगे रास्ता बंद था। इतने में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद कुछ समय तक माहौल शांत रहा। जैसे ही चौटाला का गार्डन परिसर में आगमन हुआ तो भारी संख्या में किसान नारे लगाते हुए दुष्यंत चौटाला तक पहुंचने की कोशिश करने लगे परंतु पुलिस ने उन्हें रोक लिया
गार्डन के मुख्य गेट पर लगाया ताला
किसानों और सुरक्षा के मद्देनजर गार्डन के गेट को बंद कर दिया यहां तक कि उस पर ताला भी लटका दिया। इससे तीज का मेला देखने पहुुंचने वाले लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। कुछ समय बाद मुख्य गेट से चुनिंदा लोगों को ही गार्डन में प्रवेश करने दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें