बरवाला। नंगल-जलौली टोल प्लाजा के अधीन 10 किलोमीटर क्षेत्र के गांवों के लोगों के लिए टोल टैक्स फ्री करने की मुहिम लगातार जोर पकड़ती जा रही है। इसे पहले दो बार ग्रामीण टोल फ्री करवाने को लेकर रोष प्रकट कर चुके हैं। इसके बाद टोल मैनेजमेंट के साथ उनकी बातचीत सिरे नहीं चढ़ पाई। अब ग्रामीणों ने आगामी रणनीति बनाकर 27 फरवरी को टोल पर ही महापंचायत का आयोजन करने का ऐलान कर दिया है।
टोल फ्री करने के लिए ग्रामीणों द्वारा बनाई गई कमेटी के लोग संदीप राणा के नेतृत्व में गांवों में जाकर लोगों को महापंचायत में पहुंचने का निमंत्रण दे रहे हैं। संदीप राणा ने बताया कि कई दिन से गांवों में जाकर लोगों से संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज गांव टोका, खंगेसरा, बरवाला, भगवानपुर, अलीपुर, नया गांव सहित कई गांवों में लोगों से महापंचायत में आने का आह्वान किया गया है। संदीप राणा ने बताया कि लोगों में महापंचायत में पहुंचने का पहले से ही बहुत उत्साह है।
यह बहुत बड़ी संख्या में एक महापंचायत होगी, क्योंकि टोल मैनेजमेंट और प्रशासन लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। बार-बार आश्वासन देने के बाद 10 किलोमीटर एरिया को टोल फ्री करने की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महापंचायत में लोगों की ताकत के आगे प्रशासन को झुकना पड़ेगा।