पंचकूला। अब सीएम विंडो की शिकायतों की सुनवाई सप्ताह में दो दिन सोमवार और वीरवार को सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट में सुबह 11 बजे होगी। उपाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह के इस फैसले से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी। शिकायतों पर सुनवाई एमिनेंट सिटीजन केसी भारद्वाज करेंगे। वीरवार को एमिनेंट सिटीजन एवं सदस्य निगरानी समिति रेस्ट हाउस में बैठक की। इस मौके पर लोगों की शिकायतों पर सही समय पर जवाब देने के लिए विभागीय अधिकारियों को कहा गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सीएम विंडो में दर्ज शिकायतों की सुनवाई भाजपा कार्यलय सेक्टर-2 में होती थी। इस पर आपत्ति होने पर उपायुक्त ने विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखकर आदेश जारी किए थे कि वो किसी भी राजनीतिक पार्टी के कार्यलय में सीएम विंडो से संबंधित शिकायत बारे एटीआर लेकर न जाएं। केसी भारद्वाज ने बताया कि वीरवार को उनके पास सुनवाई के लिए एटीआर लेकर डायरेक्टर रिसर्च मेडिकल एजुकेशन, सिंचाई विभाग और कैनफेड विभाग के अधिकारी आए थे।