पंचकूला। नगर निगम की जमीन पर कब्जा करने के मामले में छह लोगों पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता की जांच के बाद जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। चंडीमंदिर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में कनिष्ठ अभियंता विक्रम कुमार ने बताया कि आरोपी लाभ सिंह, सुल्तान सिंह, मदन लाल, सतपाल, मनीष और सतपाल पर केस दर्ज किया है। आरोपियों ने नगर निगम के अंदर आने वाले गांव बिल्ला और जसवंतगढ़ में जमीन पर कब्जा कर रखा है। दोनों गांवों में जमीन की पैमाइश के बाद यह बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लाभ सिंह ने एक एकड़ चार कनाल गांव बिल्ला में, सुलतान सिंह ने पांच एकड़, मदन लाल ने एक एकड़ दो कनाल, सतपाल ने एक एकड़ चार कनाल, मनीष ने एक एकड़ सात कनाल गांव जसवंतगढ़ में, सतपाल ने एक एकड़ दो कनाल जमीन गांव जसवंतगढ़ में नगर निगम जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए टीम दबिश दे रही है।