चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस परीक्षा (पुरुष) परीक्षा फिर विवादों के घेरे में आ गई है। पहले 7 अगस्त को परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो गया था। अब दोबारा से 3 दिन तक यह परीक्षा आयोजित की गई है। सोमवार को नोएडा में एक पेपर सॉल्वर गैंग पकड़े जाने के बाद आशंका और बढ़ गई है। नोएडा पुलिस का दावा है कि गैंग के पास पुलिस सिपाही परीक्षा का पेपर मिला है। पुलिस इस ऐंगल पर काम कर रही है कि कहीं पेपर लीक या आउट तो नहीं किया गया। पुलिस एक-एक करके गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ कड़ी जोड़ रही है। हालांकि, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का दावा है कि जो पेपर गैंग के पास मिला है, वो पुराना है। कोई पेपर लीक नहीं हुआ है।
पहले से ही सिपाही पुलिस भर्ती को लेकर आयोग युवाओं और विपक्षी राजनीतिक दलों के निशाने पर है। पेपर को काफी कठिन और निर्धारित 12वीं कक्षा स्तर से ऊपर के सवाल पूछे जाने पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। दलों ने तो परीक्षा को रद्द कर दोबारा से परीक्षा लेने की मांग की थी। सोमवार को नोएडा पुलिस ने एक सॉल्वर गैंग पकड़ा था, जिसमें कई आरोपी हरियाणा से हैं। आरोपी सिपाही और हवलदार समेत अन्य परीक्षा पास कराते थे। नोएडा पुलिस को उनके पास पुलिस परीक्षा का एक पेपर भी मिला है। पुलिस को आशंका है कि कहीं गिरोह के सदस्यों ने पेपर लीक ना किया हो। पुलिस अलग अलग एेंगल से जांच कर रही है। नोएडा पुलिस ने हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साधा है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
गैंग के पास मिला पेपर एक दिन पुराना : खदरी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी का कहना है कि पुुलिस सिपाही पुरुष परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है। नोएडा साल्वर गैंग के पास जो पेपर मिला है, वह एक दिन पहले हो चुकी परीक्षा का है। न तो कोई पेपर लीक हुआ है और न ही आउट हुआ। वैसे ही एक-एक शिफ्ट में चार अलग अलग पेपर दिए गए थे। ऐसे गिरोह को पकड़ने के लिए हरियाणा पुलिस लगातार काम कर रही है। 3 दिनों तक 6 शिफ्टों में सिपाही पुलिस (पुरुष) की परीक्षा संपन्न हो गई। तीनों दिन में मात्र 45 प्रतिशत करीब 4 लाख युवा ही परीक्षा देने आए। बता दें कि 5500 पदों के लिए 8 लाख 39 हजार युवाओं ने आवेदन किया था।