मोरनी। मोरनी की टिक्कर-ताल रोड पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव रसून और गझान के बीच अचानक एक चीड़ का पेड़ सड़क पर गिर गया और इसकी चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 47 साल के रामपाल निवासी टिक्कर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामपाल दिहाड़ी पर मजदूरी करता था और मंगलवार को सुबह मोरनी तहसील में किसी जरूरी काम से जा रहा था। इसी दौरान जब वह गांव रसून से आगे चलकर गांव गझान के पास पहुंचा तो अचानक एक चीड़ का पेड़ उसकी बाइक पर गिर गया। पेड़ गिरने से बाइक चालक रामपाल के पेट और सिर में गंभीर चोटें आने से खून बहने लगा। तभी राहगीरों ने उसको मोरनी के स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। यहां पर जांच करने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसको पंचकूला के सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक के परिवार में उसकी पत्नी के साथ दो बेटियां हैं और इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अचानक हुए हादसे से गांव निवासियों में शोक है। स्थानीय निवासी डीपी शर्मा ने बताया कि इस सड़क के किनारे चीड़ के ऐसे बहुत से पेड़ हैं जो कि सूखे हुए हैं और इनसे किसी राहगीर के साथ इसी तरह का हादसा होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे सूखे हुए पेड़ों की पहचान कर उनको जल्द हटाया जाए।