पंचकूला में अब पार्किंग एक बड़ी समस्या बन चुकी है। हालात यह हैं कि मार्केट की पार्किंग में कार पार्क करने की जगह नहीं है और सड़क पर कार पार्क करने पर चालान का डर है। ऐसे लोग परेशान हैं कि वह वाहन पार्क कहां करें। पंचकूला में दो लाख से ज्यादा वाहन हैं और हर मार्केट में पार्किंग के लिए सिर्फ दो सौ से पांच सौ कारों के पार्क करने की जगह।
मार्केट की पार्किंग फुल होने की वजह से अधिकतर लोगों को पार्किंग में स्पेस नहीं मिल पाता। ऐसे स्थिति में लोग अपने वाहन सड़क पर पार्क कर देते हैं। जिसकी वजह से मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। बता दे कि जब पंचकूला में सेक्टर बनाए गए तो आबादी कम थी। लेकिन समय के साथ आबादी काफी बढ चुकी है जिससे वाहनों को पार्क करना भी मुश्किल होने लगा है।
पंचकूला के इन सेक्टरों में है समस्या
पंचकूला के सेक्टर-9, 10, 11 15 के साथ सेक्टर-7 और सेक्टर-20 में पार्किंग एक बड़ी समस्या बन चुकी है। इसी कारण यहां के स्थानीय निवासी सेक्टरों में बने मार्केट में चंडीगढ़ की तर्ज पर मल्टीलेबल पार्किंग बनाने की मांग कर रहे हैं।
सेक्टर-11 में सबसे ज्यादा समस्या
ट्रेडर एसोसिएशन के प्रधान सतीश गुलाटी ने कहा कि सेक्टर-11 की मार्केट में पार्किंग की सबसे ज्यादा समस्या है। क्योंकि यहां बैंको की संख्या अन्य मार्केटों की अपेक्षा ज्यादा है। जिसकी वजह से सुबह दस से दोपहर दो बजे तक लोगों का बैक के काम की वजह से ही लोगों का आना जाना लगा रहता है। मार्केट में आने वाले वाहनों के अनुपात में पार्किंग का स्पेस कम पड़ जाता है। ऐसे में मार्केट व्यापारियों को भी वाहन पार्क करने में परेशानी होती है। ट्रेडर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी करन नरूला ने कहा कि मार्केट की एंट्री प्वाइंट पर लगे बिजली के खंभे भी परेशानी का सबब बन चुके हैं। इन बिजली के खंभों की वजह से लोगों वाहन पार्क करने में परेशानी होती है।