पंचकूला। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सेक्टर-पंच स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शनिवार की शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस भजन संध्या में पदमश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा ने अपनी आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने जब ‘ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन...’ भजन गया तो श्रोता भी भक्तिरस में मगन हो गए। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अंबाला से लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
भजन संध्या में अनूप जलोटा के साथ कुंवर जगमोहन भी पहुंचे हुए थे। दोनों ही संगीतकारों ने भगवान श्रीराम और श्रीश्याम के भजन प्रस्तुत किए। अनूप जलोटा ने है आंख वो जो श्याम का वंदन किया करे, राम नारायणम जानकी वल्लमम, कौन कहता है भगवान आते नहीं तुम मीरा की तरह बुलाते नहीं, जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, रामचरण सुखदायी भजमन रामचरण सुखदायी आदि भजन गाए। इसके अलावा उन्होंने जब बजते-बजते आज मेरी बंसी टूट गई, इस छोटी बात पे मुझ से राधा रानी रूट गई भजन गाया तो श्रोता सीटों से खड़े हो गए। कुंवर जगमोहन ने राम शक्ति, राम मुक्ति, राम का गुणगान कर और कीर्ति कुल की बचाने राम वन को चल दिए भजन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुलाना के विधायक वरुण चौधरी, बंतो कटारिया, उपायुक्त महावीर कौशिक, मेयर कुलभूषण गोयल, बीजेपी जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, महामंत्री वीरेंदर राणा, परमजीत कौर, संस्कार भारती के उत्तर क्षेत्र प्रमुख नवीन अंशुमन सहित काफी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।
देश को बताया सोने का शेर
इस भजन संध्या के दौरान भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा कि पहले भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था। इसलिए अंग्रेजों और मुगलों ने उसे लूट लिया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सोने का शेर बन गया है। अब किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि भारत की तरफ आंख उठाकर भी देख सके।