पठानकोट। पठानकोट-जालंधर रेलमार्ग स्थित मोहटली फाटक पर ट्रेन की चपेट में आकर व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हुई। वहीं, रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रेलवे चौकी प्रभारी विक्रमजीत ने बताया मंगलवार सुबह कंदरोड़ी स्टेशन मास्टर ने उन्हें सूचित किया कि एक व्यक्ति जालंधर से पठानकोट जाने वाली ट्रेन की चपेट में आया है।
इसके बाद हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह सहित वह खुद मौके पर पहुंचे तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि शव के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नही हो पाई है। उन्होंने बताया कि मृतक ने ग्रे कलर की जैकेट और ट्रैक सूट का लोअर पहना है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है। उन्होंने बताया कि शव को नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस शव की पहचान में जुटी है।