चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस विंग के मोहाली स्थित मुख्यालय में सोमवार रात हुए धमाके को गंभीरता से लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डीजीपी को पूरी घटना की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं ताकि इस घटना की तह तक पहुंचा जा सके।
मंगलवार सुबह अपने सरकारी आवास पर पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारियों की उच्चस्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए भगवंत मान ने कहा कि किसी को भी राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कुछ विरोधी ताकतें राज्य में गड़बड़ी पैदा करने के लिए प्रयासरत हैं, जो अपने मंसूबों में कभी भी कामयाब नहीं हो सकेंगी।
इस दौरान डीजीपी ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुछ और संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है ताकि पुलिस इस घटना की जड़ तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के दोषियों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अनुकरणीय दंड दिया जाएगा ताकि ऐसे अन्य असामाजिक तत्व भविष्य में ऐसी घिनौनी घटनाओं को अंजाम न दे सकें।
मीटिंग में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. वेनू प्रसाद, डीजीपी वीके भावरा, एडीजीपी (आंतरिक सुरक्षा) आरएन ढोके और एडीजीपी (इंटेलिजेंस) एसएस श्रीवास्तव भी शामिल थे।