चंडीगढ़। हरियाणा में संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) देने के लिए अब तक दस लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। अगस्त में प्रस्तावित परीक्षा के लिए पहले ही निर्धारित पोर्टल पर आवेदन और भुगतान कर चुके अभ्यर्थी भी सीईटी में उपस्थित होने के लिए पात्र होंगे। वे आवेदन में बदलाव या अडपेट करने के लिए सक्षम हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के जरिये 100 से ज्यादा विभागों, बोर्ड, निगमों और विश्विद्यालयों में ग्रुप सी के 26 हजार पद भरे जाएंगे। सभी आवेदकों को 8 जुलाई 2022 तक https://onetimeregn.haryana.gov.in पर पंजीकरण कराकर पहचान से संबंधित सभी विवरण प्रदान करने होंगे। उसे आरक्षण, शैक्षिक दावे सहित योग्यता, अनुभव और सामाजिक-आर्थिक मानदंड अधिमान आदि किसी भी दावे से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र निर्धारित शर्तों के अनुसार होना जरूरी है, यह हरियाणा सरकार में नौकरियों के लिए लागू कट-ऑफ तिथि या उससे पहले जारी होना चाहिए। केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए जारी किए गए ईडब्ल्यूएस, ओबीसी प्रमाण पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।
भूतपूर्व सैनिक कोटे के उम्मीदवारों के परिवार के सदस्य के पास ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि पर वैध पात्रता प्रमाण पत्र होना चाहिए। इसे आवेदन जमा करते समय अपलोड किया जाना है। यदि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग आवेदक को बुलाता है तो उसे जिला सैनिक बोर्ड से वैध पात्रता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। शहीद के परिवार के सदस्य को प्रासंगिक प्रमाण पत्र, युद्ध हताहत प्रमाण पत्र अपलोड और प्रस्तुत करना होगा। जिन बोर्ड, संस्थान के विभिन्न डिग्री-डिप्लोमा और पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, एआईसीटीई फर्जी या अमान्य घोषित करार दे चुके हैं, उनके प्रमाण पत्र के आधार पर आवेदन करने वाले अ यर्थियों को विज्ञापित पदों पर भर्ती के योग्य नहीं माना जाएगा। संयुक्त पात्रता परीक्षा में सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और हिंदी-अंग्रेजी से संबंधित सवालों के साथ-साथ हरियाणा से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।