पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने की। बैठक में कुल 24 शिकायतें शामिल की गईं। इन शिकायतों के समाधान के लिए तत्काल निर्देश भी दिया गया। संदीप सिंह ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी मामलों की कार्यवाही के दौरान जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्यों को भी शामिल करना सुनिश्चित करें, जो अधिकारी इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया जाता है, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि 16 पोल्ट्री फार्मों में कमियां मिली हैं। इसकी रिपोर्ट हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आगामी कार्यवाही के लिए भेजा गया है। इसके अलावा एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है जो कमियां मिलने पर मौके पर ही पोल्ट्री फार्मों का चालान करेगी। इस बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद रतन लाल कटारिया, नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधायक व बीजेपी महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष लतिका शर्मा, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रमुख शिकायतें
शिकायत नंबर एक
बैठक में गांव टिपरा कालका निवासी लक्ष्मण पांडे ने एक फाइनेंस कंपनी द्वारा खाली कागजात, स्टांप पेपर व खाली चेक का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने की शिकायत पर संदीप सिंह ने पुलिस विभाग को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति के गैर सरकारी सदस्य विरेंद्र गर्ग इस मामले में पुलिस की सहायता करेंगे। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संदीप सिंह को अवगत कराया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शिकायत नंबर दो
बैठक में गांव माजरी के सरबण, अमर व आशु ने शिव मंदिर माजरी के दोनों तरफ खाली जमीन पर नाजायज कब्जा करने का मुद्दा उठाया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मंदिर के साथ लगती खाली जमीन पर ग्राम माजरी के ही एक निवासी द्वारा दुकान बनाकर हजारों रुपये महीना किराया के रूप में दुकानदारों से वसूला जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों ने संदीप सिंह को अवगत करवाया कि मामला न्यायालय के विचाराधीन है। इस पर सरदार संदीप सिंह ने निर्देश दिए कि ऐसी जमीन जो कोर्ट के स्टे से बाहर है, उस भूमि से अवैध कब्जे को शीघ्र से शीघ्र हटाया जाए और इसकी रिपोर्ट समिति की आगामी बैठक में प्रस्तुत की जाए।
शिकायत नंबर तीन
राजकीय महाविद्यालय रायपुररानी के नए महाविद्यालय परिसर के खेल मैदान के उपर से 66 केवी की हाइटेंशन वायर गुजरने के मामले में संदीप सिंह ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समिति के गैर सरकारी सदस्यों के साथ मौके का मुआयना करें और इस संबंध में अपनी रिपोर्ट तीन दिन के अंदर उपायुक्त कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
शिकायत नंबर चार
गांव बरवाला निवासी राजा राम मोहन द्वारा गेहूं की फसल में आग लगने के कारण हुए नुकसान व मुआवजा न मिलने की शिकायत पर संदीप सिंह को बताया गया कि शिकायतकर्ता को चार एकड़ गेहूं की फसल के जल जाने से हुए नुकसान का 48 हजार रुपये का मुआवजा बैंक खाते में जमा करवा दिया गया है। इसके अलावा ऐसे छह कर्मचारी, जिन्होंने एक महीने से अधिक समय तक इस मामले में फाइल को लंबित रखा, उन्हें चार्जशीट किया गया है। साथ ही मामले की जांच पूर्ण होने तक उनका सितंबर माह का वेतन जारी न करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत नंबर पांच
गांव फिरोजपुर एवं पोलट्री चेकिंग कमेटी के सदस्य जरनैल सिंह द्वारा ब्लॉक रायपुररानी व बरवाला क्षेत्र में मक्खियों की समस्या की शिकायत पर बताया गया कि पशु पालन विभाग के अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता के साथ सभी पोल्ट्री फार्मों का दौरा किया गया। इस दौरान 16 पोल्ट्री फार्मों में कमियां मिली हैं। इसकी रिपोर्ट हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आगामी कार्यवाही के लिए भेज दी गई है। इसके अलावा उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के आदेशानुसार एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है जो कमियां पाए जाने पर मौके पर ही ऐसे पोल्ट्री फार्मों का चालान करेगी।
बैठक में बताया गया कि शीघ्र ही पशु पालन विभाग के अधिकारियों और पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक टीम पंजाब की डेयरियों का दौरा करेगी, जहां इलेक्ट्रिक प्रणाली की मदद से मक्खियों पर नियंत्रण पाया गया है। पायलट परियोजना के तौर पर बरवाला-रायपुररानी के कुछ पोल्ट्री फार्मों ने इस तकनीक को अपनाने के लिए अपनी सहमति दी है। इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इसे सभी पोल्ट्री फार्मों में अनिवार्य किया जाएगा।