चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) के तहत परिवार की पहचान हो जाने के बाद कौशल प्रशिक्षण और रोजगार या स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कर उस परिवार की आय 1 लाख रुपये प्रति वर्ष किया जाना सुनिश्चित किया जाए। तत्पश्चात इस पारिवारिक आय को 1.80 लाख करना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने यह बात वीरवार को यहां विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एमएमएपीयूवाई की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। इस योजना के तहत पहले चरण में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के माध्यम से 49,950 परिवारों की पहचान की गई है। करीब 19 हजार आवेदनों को विभिन्न विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। सीएम ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिले। हर 6 महीने में एक समीक्षा बैठक की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, विनीत गर्ग, जी. अनुपमा, वी. उमाशंकर, विजयेंद्र कुमार, डी. सुरेश, डॉ. अमित अग्रवाल, आशिमा बराड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।