रायपुररानी/बरवाला। विश्वास फाउंडेशन, श्री कृष्णा गो सेवा ग्रुप बतौड़ ने रविवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से ब्लॉक के गांव ककराली में स्थित सरकारी स्कूल में रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में ग्रामीणों ने 71 यूनिट रक्तदान किया। फाउंडेशन के मोहित विश्वास ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण अस्पतालों में हुई रक्त की कमी को पूरा करने के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इस रक्तदान शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी डिस्ट्रिक्ट ब्रांच पंचकूला ने अहम भूमिका निभाई है। शिविर में कोविड-19 से बचाव के लिए सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया। शिविर को सफल बनाने में कृष्णपाल सरपंच ककराली, किरणपाल, राम सिंह, राजेश, कुलदीप ने सहयोग किया।
विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि इससे पहले डॉक्टरों की टीम ने रक्तदाताओं का चेकअप किया। डॉक्टरों ने बताया कि रक्तदान करने से किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती है। रक्तदान करने से व्यक्ति को गर्व महसूस होता है। ब्लड बैंक कमांड अस्पताल चंडीमंदिर, पंचकूला के डॉक्टरों व टेक्निकल स्टाफ की टीम ने 71 यूनिट रक्त एकत्रित किया। रक्तदान शिविर में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, बैज, मास्क, साबुन और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन से ऋषि मोहित विश्वास, प्रदूमन बरेजा, शत्रुघ्न कुमार व अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।