पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर निर्माणाधीन आरओबी की लंबाई दुकानदारों की मांग के अनुसार छोटी कर दी जाएगी। इस संदर्भ में राज्य सरकार ने प्रपोजल बना कर सेंटर के पास भेज दिया है। उक्त दावा जजपा जिलाध्यक्ष भाग सिंह दमदमा ने किया। इससे मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन सहित कॉलोनीवासियों में खुशी की लहर है।
बता दें कि मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन लोहगढ़ ने बीते साल दिसंबर में पिंजौर नालागढ़ रोड पर रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन आरओबी को छोटा करने के लिए प्रदर्शन किया था। इस दौरान जेजेपी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह जिलाध्यक्ष भागसिंह दमदमा, ओपी सिहाग ने उस दौरान धरने को समाप्त करवाते हुए मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन पदाधिकारियों को आश्वासन दिया था कि आरओबी का निर्माण दुकानदारों की सुविधा के अनुसार ही बनाया जाएगा और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
लंबाई दोनों ओर 350 मीटर रखने की थी मांग
गौरतलब है कि प्रस्तावित निर्माणाधीन आरओबी की रेलवे लाइन के एक ओर पिंजौर की तरफ की लंबाई 350 मीटर है जबकि रेलवे लाइन से दूसरी ओर गांव लोहगढ़ की ओर इसकी लंबाई 750 मीटर है। एसोसिएशन की मांग थी कि आरओबी की लंबाई दोनों ओर बराबर 350 मीटर ही रखी जाए। इसी मामले में जेजेपी जिलाध्यक्ष भाग सिंह दमदमा ने बताया कि बीते समय में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रेस्ट हॉउस में मीटिंग ली थी। इस दौरान दुकानदारों की मांग पर आरओबी को छोटा करने के लिए लोहगढ़ की ओर स्थिति आईडीबीआई बैंक को चिन्हित किया गया है। अब लोहगढ़ की ओर आरओबी क लंबाई आईडीबीआई बैंक तक ही रखी जाएगी। उक्त प्रपोजल राज्य सरकार ने पास कर सेंटर के पास भेज दिया गया है।
दमदमा से मिला प्रतिनिधिमंडल
मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन में खुशी की लहर है। खुशी जताते हुए मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल जेजेपी जिलाध्यक्ष भाग सिंह दमदमा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विशेष रूप से जेजेपी कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, जेजेपी जिलाध्यक्ष भाग सिंह दमदमा, ओपी सिहाग का आभार जताया।