रामगढ़। रामगढ़, बिल्ला और कोट में संचालित डाकघरों को बंद कर बरवाला स्थित मुख्य डाकघर से जोड़ने के फैसले का क्षेत्रवासियों ने विरोध किया है। लोगों ने इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए सरकार और डाक विभाग से तीनों डाकघरों को पहले की तरह संचालित रखने की मांग की है।
स्थानीय निवासी मोहनलाल कोट, होशियार सिंह गुज्जर, संदीप कुमार, शीशपाल, रामकुमार, प्रदीप कुमार और अनिल कुमार ने कहा कि इन डाकघरों से लंबे समय से लोगों को डाक संबंधी सुविधाएं मिल रही थीं। इनके बंद होने से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को छोटे-बड़े कामों के लिए बरवाला जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों खर्च होंगे।
उन्होंने कहा कि रामगढ़, बिल्ला और कोट क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डाकघरों को बंद करने के बजाय उनकी सुविधाएं बढ़ाई जानी चाहिए थीं। इन डाकघरों से लोग रोजमर्रा के कामों के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी लेते थे। लोगों ने विभाग के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सोमवार को समाजसेवी बहादुर सैनी रामगढ़, आशीष जांगड़ा रामगढ़, सोहन सिंह कोट और जगमोहन मानक्यां ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तीनों डाकघरों को बंद नहीं करने और दोबारा शुरू करवाने की मांग की। समाजसेवियों ने कहा कि ये डाकघर हजारों लोगों की जरूरतों से जुड़े हैं। उपायुक्त से आग्रह किया गया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जनहित में इन्हें चालू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।