चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने दिल्ली-कटड़ा मार्ग के लिए किसानों से जबरन जमीन लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि किसानों से बातचीत किए बिना कीमत निर्धारित करना उनके साथ धोखा है। किसानों से जमीन लेने से पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को किसानों की समस्याओं को हल करना चाहिए।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में मान ने कहा कि कैप्टन सरकार ने एक्सप्रेस-वे के अधीन आती पंजाब की जमीन के पैसे धक्केशाही के साथ किसानों के खातों में डालने का नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही किसानों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने जमीन की सरकारी कीमत 60 दिन के अंदर न ली और जमीन का कब्जा न दिया तो पंजाब पुलिस की मदद से जमीन पर कब्जा किया जाएगा। मान ने कहा कि आप सरकार के इस तानाशाह फरमान की निंदा करती है, उनकी पार्टी धक्केशाही के साथ किसी भी किसान की जमीन नहीं छीनने देगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को बाजारी मूल्य पर जमीन की कीमत मिलनी चाहिए और किसानों को नए बन रहे एक्सप्रेस-वे से आम सड़कें बनाकर दी जाएं और एक्सप्रेस-वे के साथ लगती जमीन पर कोई भी कारोबार करने के लिए एनओसी लेने की शर्त भी खत्म की जाए। साथ जिन किसानों की जमीन एक्सप्रेस-वे के अधीन आती है उनके परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।