मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान को भी सख्त चेतावनी दी। कहा कि पाक ड्रोनों और अन्य तरीके से हथियार और नशे को भेजकर पंजाब व देश के अन्य हिस्सों में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने पिछले महीनों में 32 अतिवादी मोड्यूलों का पर्दाफाश किया और 200 से अधिक हथियार जब्त किए ।
पन्नू में हिम्मत है तो पंजाब में दाखिल होकर दिखाए : कैप्टन
सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू की पंजाब में लोगों को भड़काने और गड़बड़ी पैदा करने कोशिशों पर कैप्टन ने कहा कि वह किसी भी विदेशी तत्व को पंजाब की शांति भंग करने की आज्ञा नहीं देंगे।
उन्होंने पन्नू को चेतावनी दी कि अगर उसने राज्य को अस्थिर करने की कोशिशें बंद नहीं की तो गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। इस बात पर जोर देते हुए कि पन्नू जैसे लोगों से कैसे निपटना है, वह अच्छी तरह जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उसमें हिम्मत है तो वह पंजाब में दाख़िल होकर दिखाए। कैप्टन ने कहा कि राज्य पन्नू और उसके प्रतिबंधित संगठन से किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।