पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को सेक्टर-5 के परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शहर के पांच हजार लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में प्रशासन के आलाधिकारी, आईटीबीपी के 1500 जवान और केंद्रीय विद्यालय के 200 बच्चों सहित शहर के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जिले के कालका, पिंजौर, रायपुररानी और मोरनी में भी विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों ने योगासन किए। शहर की पुलिस लाइन में पुलिस के जवानों और आला अधिकारियों ने भी योग किया।
आईटीबीपी भानू के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन सहित 1500 आईटीबीपी के जवानों ने आयोजित समारोह में शिरकत की। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और हिमवीर परिवारों ने हर्षोल्लास के साथ इसमें भाग लिया। इस मौके पर योग प्रशिक्षक सतपाल सिंह, उमेश मित्तल और पूनम सिन्हा ने लोगों के साथ योग किया। इस दौरान परेड ग्राउंड में आए लोगों ने ग्रीवा चालन, स्कंद संचालन, कटी चालन, घुटना संचालन, तड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, श्वासन, कपालभाति, अनुलोम विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाएं करवाई गईं।
योग लोगों और देश को आपस में जोड़ने का काम कर रहा : स्पीकर
जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि योग लोगों और देशों को आपस में जोड़ने का काम कर रहा है। योग के क्षेत्र में भारत की विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान है। इसका अनुसरण विश्व के अनेक देश कर रहे हैं। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक, नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल और पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र पाल सिंह भी उपस्थित रहे। उपायुक्त महावीर कौशिक ने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि योग न केवल मनुष्य को स्वस्थ रखता है बल्कि बीमारियों से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है। उन्होंने स्कूली बच्चों, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के जवानों, पतंजलि योग समिति के सदस्यों को योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर आईटीबीपी भानू के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, नगराधीश गौरव चौहान, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. दिलीप मिश्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में जिले के लोग उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन में अधिकारियों और जवानों ने किया योग
हरियाणा पुलिस की तरफ से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पंचकूला पुलिस लाइन प्रांगण में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने योगाभ्यास किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस योग एवं प्राणायाम शिविर में डीजी राज्य सतर्कता ब्यूरो शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी आधुनिकीकरण एवं कल्याण आलोक रॉय, एडीजीपी अपराध ओपी सिंह, एडीजीपी एवं निदेशक विजिलेंस व सुरक्षा हरियाणा पावर यूटिलिटीज कुलदीप सिंह सिहाग, एडीजीपी एवं पुलिस आयुक्त पंचकूला हनीफ कुरैशी, डीआईजी गुप्तचर विभाग शशांक आनंद, एआईजी प्रोविजनिंग कमलदीप गोयल सहित बड़ी संख्या में अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने पहुंचकर योगाभ्यास किया ।