चंडीगढ़। हरियाणा के चिकित्सा अधिकारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम, टेलीमेंटल स्वास्थ्य सेवाएं और मानसिक विकारों के मरीजों के लिए ऑनलाइन परामर्श जैसी सुविधाएं पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के सहयोग से शुरू की जाएंगी। इनकी शुरुआत अंबाला से होगी,जिसके लिए समझौता ज्ञापन हरियाणा स्वास्थ्य विभाग और पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के बीच जल्द ही किया जाएगा।
यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दी। उन्होंने बताया कि पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के सायकेट्री विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. देवाशीश बासु, विभाग के एसोसिएट प्रो. असीम मेहरा और पीजीआईएमईआर के अस्पताल प्रशासन से डॉ. मनदीप सचदेवा यहां मिले। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ बासु ने बताया कि सायकेट्री विभाग ने हरियाणा सरकार को विभिन्न उद्देश्यों के साथ टेलीमेंटल स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव किया हैै। इसके तहत चिकित्सा अधिकारियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले अंबाला से शुरू होगा और बाद में हरियाणा के अन्य हिस्सों में विस्तारित किया जाएगा। इसके अलावा, नियमित क्लिनिक सेवाओं और टेलीमेंटल स्वास्थ्य सेवाओं के कार्यान्वयन की सुविधा के लिए सिविल अस्पताल अंबाला छावनी में नियमित साप्ताहिक शारीरिक ओपीडी शुरू की जाएगी। मानसिक विकारों के रोगियों के लिए ऑनलाइन परामर्श सेवाएं प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों या नागरिक अस्पतालों में निदान या उपचार करने के लिए होंगी।
पंजाब सरकार ने पहले जनता को रंग-बिरंगे गुब्बारे दिखाए : विज
चंडीगढ़। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब में आप की सरकार ने जनता को रंग-बिरंगे गुब्बारे दिखाए थे, मगर अब इन गुब्बारों की हवा निकली हुई है। पंजाब के किसानों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के सवाल पर विज ने कहा कि पंजाब की सरकार कहती कुछ और करती कुछ है। वहीं, पंजाब सरकार द्वारा गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर कोई कार्यक्रम नहीं करने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि पंजाब में नौसखियों की सरकार है जो परंपराओं से हटकर अपना राग अलापना चाहते हैं।