बरवाला। रिहौड़ लिंक सड़क मार्ग पर रविवार दोपहर एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढों में उतर गई। बस में बैठे करीब 40 सवारियाें में अफरा-तफरी मच गइई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी सवारी को चोट नहीं आई।
अत्रि कोच नाम की प्राइवेट बस बरवाला बस स्टैंड से सवारियां भरकर रिहौड़ लिंक सड़क मार्ग से गुजरकर नारायणगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही सवारी से भारी बस श्री गोविंद गोशाला के नजदीक से गुजरी, अचानक चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे गड्ढों में उतर गई। सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लिंक सड़क मार्ग पर यातायात बढ़ने से हादसों में इजाफा, हाल में एक रिहौड़ गांव की युवक की मौत
रिहौड़ गांव के पूर्व सरपंच रजनीश शर्मा, आनंद कौशिक, दीपक जांगड़ा, युवराज शर्मा, अमन शर्मा, साहिल, अंकुश आदि ग्रामीणों ने बताया कि बरवाला-मौली सड़क मार्ग पर डांगरी नदी पुल की हालत जर्जर होने के कारण सरकार व जिला प्रशासन ने इस नदी पुल के रास्ते से आवाजाही को बंद किया है। करीब एक महीने से पूरा यातायात बरवाला-रिहौड़ लिंक सड़क मार्ग से गुजर रहा है। इस वजह से मार्ग पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक बढ़ गया है। भारी वाहनों के गुजरने से लिंक सड़क मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसका खामियाजा लिंक सड़क से गांव जाने वाले ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हाल ही में इस सड़क मार्ग पर रिहौड़ गांव के एक युवक की हादसे में मौत हो गई थी।
ग्रामीण बोले- भारी वाहनों को बरवाला मेन बाईपास मार्ग से गुजरा जाए
बरवाला-रिहौड़ लिंक सड़क मार्ग पर पड़ने वाले गांव रिहौड़, खटौली, ढडारडूं, बटवाल, सुखदर्शनपुर आदि कई गांवों के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग है कि रिहौड़ लिंक सड़क मार्ग पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। इन वाहनों को मेन बरवाला बाईपास सड़क मार्ग से गुजरा जाना चाहिए ताकि लिंक सड़क मार्ग पर होने हादसों से बचा जा सके।