मोरनी में कई माह से बूस्टिंग पंप का मुख्य दरवाजा टूटा पड़ा है। जिससे यहां चोरी की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों इस बारे में अवगत कराया। लेकिन इसे ठीक नहीं कराया गया।
लोगों का कहना था कि जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व अधिकारी लोगों की समस्याओं को अनदेखा करते हैं। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। बूस्टर की हालत के बारे में ग्रामीण खजान सिंह, सुरेंद्र सिंह, कुलवंत, बंटी व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बूस्टर पंप के टूटे दरवाजों के कारण कीमती पानी की मोटर सुरक्षित नहीं है। रात के अंधेरे में कोई भी इसे नुकसान पहुंचा सकता है।
मोटर के खराब होने व किसी भी स्थिति में न चलने से घाट बागडा, सारयों, बदयाडा, कटियाना के लोगों को इस गर्मी में पानी की समस्या होगी। उन्होंने बताया कि विभाग के मोरनी क्षेत्र में कार्यरत जेई को भी दो-तीन बार इस बारे में कंप्लेंट दी गई। लेकिन वह भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। भींवर लोगों ने बताया कि पिछले पांच दिन से लोगों को भींवर में पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पानी की पाइप टूटने के कारण यहां पर पानी की किल्लत है। जबकि विभाग इस ओर जरा भी ध्यान नहीं है। लोगों ने मामले में डीसी से अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।