विधायक ज्ञान चंद गुप्ता के गोद लिए बरवाला कस्बे में कई मोहल्ले सहित कई इलाकों में बरसात से पहले जलभराव हो गया है। लोगों का कहना है कि विधायक न जाने अपने गोद लिए लाडले गांव से सौतेला सा व्यवहार कर रहे हैं।
लोगों की मांग है कि जलभराव की समस्या से वह जल्द निदान दिलांए अन्यथा बरसात के दिनों में उन्हें अधिक परेशानी होगी। बरसात शुरू होने को है लेकिन कस्बा बरवाला में वार्ड नंबर-12 का पोचरा मोहल्ला तो बिना मानसून की हुई बरसात के ही डूबने लगा है। हाल ही में मंगलवार और शुक्रवार को हुई बरसात के बाद पानी की निकासी न होने से यहां की गलियां जलमग्न हो गईं हैं।
बरसाती और गंदा पानी उनके घरों में घुस गया है। जिससे लोगों का घरों से निकलना भी दुश्वार हो गया है। वार्ड नंबर-12 व मोहल्ले की पंच ऊषा रानी, मोहल्ले की महिला रेखा देवी, माया देवी, मूर्ति देवी, कौशल्या देवी, पिंकी देवी, आशु राणा, जसपाल सिंह, प्रदीप राणा, तेजपाल, महीपाल, शुभम राणा व अन्य ने बताया कि थोड़ी सी बरसात से मोहल्ले की गलियों में कई फुट तक जलभराव हो जाता है। घरों में पानी भर जाता है। जिससे उनके घरों में रखा सामान भी खराब हो रहा है। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या के बारे में अवगत करवाया है। लेकिन भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल में समस्या की ओर किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।
मोहल्ला वासियों ने बताया कि उन्हें पानी जमा होने से किसी भयानक बीमारी के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। बरसाती पानी भरने से कई बार सांप व कई अन्य जहरीले जीव भी उनके घरों में घुस जाते हैं। जबकि वार्ड की पंच ऊषा रानी का घर भी यहीं है। जब इस बारे में वार्ड की पंच ऊषा रानी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने इस समस्या को विधायक के कार्यक्रम के दौरान और ग्राम सभा की मीटिंग में भी उठाया था। परंतु अभी तक कुछ नहीं हुआ। मोहल्ला वासियों ने विधायक से अपनी इस समस्या का स्थाई निदान करवाए जाने की मांग की है।
अधिकारियों को भेजकर समस्या का हल करेंगे : विधायक
विधायक ज्ञान चंद गुप्ता से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को वह वह सोमवार को बरवाला भेजकर समस्या का समाधान कराएंगे।