पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने शनिवार को बताया कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी वर्करों, मिनी आंगनबाड़ी वर्करों और आंगनबाड़ी हेल्परों के मानदेय में वृद्धि कर दी है। इसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से रोष प्रदर्शन के लिए दीनानगर (गुरदासपुर) में एकत्रित आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों ने रोष प्रदर्शन वापस ले लिया और कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अरुणा चौधरी ने बताया कि पंजाब सरकार ने राज्य की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के हिसाब से मानदेय बढ़ाने का फैसला किया है। अब 26074 आंगनबाड़ी वर्करों को प्रति माह 600 रुपये और मिलेंगे जबकि 1240 मिनी आंगनबाड़ी वर्करों को बढ़े हुए मानदेय के रूप में 500 रुपये और मिलेंगे। 26074 आंगनबाड़ी हेल्पर हर महीने 300 रुपये अतिरिक्त मानदेय के तौर पर प्राप्त करेंगे। उल्लेखनीय है कि चौधरी ने इस मांग को लंबे समय से लंबित मानते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था। प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलने के बाद 28 जुलाई को वित्त मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया गया। चौधरी ने बताया कि वित्त विभाग से मंजूरी लेने के बाद सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी किया है।