चंडीगढ़। हरियाणा सरकार 7 साल पूरे होने पर अपने किए गए कामों की तस्वीर जनता के सामने रखने जा रही है। एक नवंबर हरियाणा दिवस इसके लिए उपयुक्त मौका साबित होगा। हरियाणा दिवस के माध्यम से ही सरकार अपनी उपलब्धियों का ब्योरा जनता के समक्ष पेश करेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल जनता को यह बताएंगे कि सरकार ने 7 साल में जनता के हित के लिए क्या किया है।
मेरी फसल मेरा ब्यौरा, मेरा पानी मेरी विरासत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नलकूप बिजली बिल जुर्माना माफी योजना के तहत किसानों के 24 करोड़ माफ, प्रगतिशील किसान सम्मान योजना, प्रगतिशील किसान ट्रेनर, किसान मित्र, कृषि अदालत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत किए गए विकास कार्यों को लेकर सरकार जनता के बीच जाएगी।
एक नवंबर से पहले ऐलनाबाद हलके में हो रहे चुनाव को लेकर भी इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मंत्रियों और विधायकों को सौंपी गई है। अधिकारियों को इन योजनाओं के तहत दिए गए लाभ की राशि एकत्र कर बताने के लिए कहा गया है। लिहाजा सरकारी अमला इस समय सरकार की योजनाओं के तहत किए गए कार्यों को अमली जामा पहनाने में जुट गया है।
मुख्यमंत्री एक नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर कोई बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं, जिसमें हर घर में नल के अलावा किसानों के हित की कोई योजना शामिल हो सकती है। हाल ही में हुई बारिश के बाद हुए किसानों के नुकसान को लेकर भी भरपाई की बात सरकार कर सकती है।
डेयरी स्थापित करने पर मिलेगा प्रोत्साहन
हरियाणा में डेयरी स्थापित करने के लिए लोन पर ब्याज के अनुदान का निर्णय प्रदेश में डेयरी स्थापित करने वालों का प्रोत्साहित करने वाला निर्णय रहा। इसका लाभ देने के लिए कुछ ही दिनों में 2000 से अधिक लोगों को चयनित किया गया। इसके साथ ही दीन दयाल पशुधन बीमा योजना का लाभ भी दूध किसानों को दिया जा रहा है। इस योजना के तहत प्रदेश में 4.21 लाख पशुओं का बीमा किया जा चुका है।
प्रति व्यक्ति दूध 1142 प्रति ग्राम हुआ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जहां 2015-16 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 800 ग्राम थी। अब यह 1142 ग्राम प्रति व्यक्ति तक पहुंच गया है। इसके साथ ही पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना शुरू करना अहम रहा है। इसके तहत सरकार ने 8 लाख क्रेडिट कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। इनके माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को 1 लाख 60 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
ग्रामीण विकास में नए आयाम किये स्थापित : मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि भाजपा सरकार ने 7 साल में ग्रामीण विकास व पंचायती राज क्षेत्र में नए मील के पत्थर स्थापित किये हैं। आगे भी उल्लेखनीय काम करेंगे। अंतर जिला परिषद का गठन किया गया है। 7-सितारा ग्राम पंचायत इंद्रधनुष योजना की शुरुआत की। लिंग अनुपात को सुधारने के लिए गुलाबी स्टार, ड्रॉप आऊट रोकने के लिए नीला स्टार, स्वच्छता के लिए सफेद स्टार, शांति व भाईचारे के लिए नारंगी स्टार, पर्यावरण संरक्षण के लिए हरा स्टार, सुशासन के लिए गोल्डन स्टार व सामाजिक सहभागिता के लिए सिल्वर स्टार दिये जा रहे हैं। स्कीम के तहत वर्ष 2019-20 में 3,930 गांवों को स्टार रेटिंग दी गई। स्टार प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायत को एक लाख रुपये प्रति स्टार, लिंगानुपात व सुशासन स्टार प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायत को अतिरिक्त 50 हजार रुपये अनुदान राशि दी गई है। हरियाणा ग्रामीण विकास योजना के तहत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। सफाई कर्मियों व चौकीदार का मानदेय बढ़ाया है। गांवों के विकास के लिए स्वर्गीय चौधरी छोटू राम के नाम पर दीनबंधु हरियाणा ग्राम उदय योजना शुरू की है। पड़ी-लिखी पंचायत के लिए शैक्षणिक योग्यता लागू की। आपराधिक प्रवृति वाले, बिना शौचालय वाले, बिजली बिल व कर्ज न भरने वाले चुनाव नहीं लड़ सकते। इसके लिए हरियाणा पंचायती राज अधिनियम में संशोधन किया है।