अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़/गुरदासपुर। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा चुके हैं। भारी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
सीएम ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और विभिन्न जिलों के प्रशासन से पानी के स्तर और राहत कार्यों के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में लोगों की मदद करना अपना कर्तव्य समझती है और इस नेक कार्य के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों के दूर-दराज के इलाकों में प्रत्येक व्यक्ति तक मदद पहुंचाई जा रही है।
विशेष रूप से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। मान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पानी के बढ़ते स्तर से लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की गई है। इन जिलों के डिप्टी कमिश्नरों और एसएसपी को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को मदद मिल सके।