पंजाब में मंगलवार को तीन महीने में पहली बार 24 घंटे के दौरान चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 356 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य की संक्रमण दर 3.02 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है।
मोहाली सहित पांच जिलों में हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। मोहाली में 89, बठिंडा और लुधियाना में 46-46 नए मरीज मिले हैं। पंजाब के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लुधियाना में 2, गुरदासपुर और होशियारपुर में 1-1 संक्रमितों की मौत हुई है।
कुल मिले 356 नए कोरोना संक्रमितों में सबसे अधिक मोहाली, लुधियाना और बठिंडा में नए मरीज मिले हैं। इनके अलावा जालंधर में 30, रोपड़ में 15, अमृतसर में 11, फतेहगढ़ साहिब में 9, कपूरथला में 8, चार अन्य जिलों में 7-7, एसबीएस नगर में 6, चार अन्य जिलों में 3-3, मालेरकोटला में 2 और तरनतारन का एक नया मरीज शामिल है।
पंजाब में सबसे चिंताजनक बात यह है कि यहां तेजी से एक्टिव केसों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पंजाब में अप्रैल से अब तक 7914 नए संक्रमित मिले हैं। साथ ही 54 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 1096479 लोगों के अब तक सूबे में नमूने लिए जा चुके हैं।