चंडीगढ़। पंजाब सरकार के मछली पालन विभाग में मछली पालन अधिकारी (ग्रुप-सी) के 28 पदों की सीधी भर्ती के लिए गत 25 जुलाई को आयोजित की गई लिखित परीक्षा के नतीजे 30 जुलाई को घोषित कर दिए गए। यह जानकारी अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड पंजाब के चेयरमैन रमन बहल ने दी।
बहल ने बताया कि बोर्ड की तरफ से लगभग 3300 पदों के लिए इश्तहार जारी किए गए हैं। इनमें राजस्व विभाग और जल स्रोत विभाग में पटवारी, जिला अधिकारी, जेल विभाग में वार्डर और मेट्रन, शिक्षा विभाग में स्कूल लाइब्रेरियन, उद्योग और वाणिज्य विभाग में उच्च औद्योगिक उन्नति अफसर, ब्लाक स्तर प्रसार अफसर, आबकारी और कर निरीक्षक आदि के पद शामिल हैं। अब तक बोर्ड की तरफ से क्लर्क (लीगल), स्कूल लाइब्रेरियन और मछली पालन अधिकारी के पदों के लिए लिखित परीक्षाओं को कराने के बाद नतीजों का एलान कर दिया गया है। इन पदों के लिए जल्दी ही काउंसिलिंग करने के बाद योग्य उम्मीदवारों की संबंधित विभागों को सिफारिशें भेज दी जाएंगी। पटवारी और जिला अधिकारी के पद के लिए परीक्षा 8 अगस्त को होगी।