पंचकूला/बरवाला। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के सहयोग से विश्व जल दिवस पर पानी की जांच के लिए मोबाइल वैन चलाई गई। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न गांवों में जाकर पानी के सैंपल टेस्ट करना है। मोबाइल वैन लैब जिला पंचकूला के सभी खंडों में जाएगी। इस मोबाइल वैन को पंचकूला के डिवीजन ऑफिस रामगढ़ से जिला सलाहकार आरजू चौधरी और केमिस्ट सोनिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसकी शुरुआत खंड बरवाला से की गई।
जल एवं स्वच्छता संगठन की जिला सलाहकार आरजू चौधरी ने बताया कि पानी के सैंपलों की जांच के लिए इस मोबाइल वैन को चलाया गया है। उन्होंने बताया कि यह मोबाइल वैन जिले के खंड बरवाला के बाद रायपुररानी, मोरनी और पिंजौर खंड में भी पानी की शुद्धता की जांच पंचायत स्तर पर करेगी। समय-समय पर जल स्रोतों से पानी लेकर जिले की मुख्य लैब रामगढ़ में पानी के सैंपल टेस्ट किए जाते हैं। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए गांव स्तर पर पानी के सैंपल को मौके पर ही जांच करके लोगों को पानी की शुद्धता की जानकारी देने के लिए इस मोबाइल वैन को चलाया गया है।