मांगों को लेकर सीएम हाउस घेराव के लिए जाते एक्सटेंशन लेक्चरर।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार दोपहर दो बजे पंचकूला से चंडीगढ़ की तरफ मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच किया। इस दौरान एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने सरकार के पुतले की शवयात्रा निकालकर हाउसिंग बोर्ड के पास फूंका। जैसे ही प्रदर्शनकारी हाउंसिग बोर्ड के नजदीक पंचकूला-चंडीगढ़ बार्डर पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसमें दो महिला पुलिसकर्मियों की तबीयत अचानक खराब हो गई।
उनको उपचार के लिए पंचकूला सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मांगों को लेकर आंदोलनरत एक्सटेंशन लेक्चरर्स के एक प्रतिनिधिमंडल को शाम करीब साढ़े पांच बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उच्चाधिकारियों से मुलाकात के लिए बुलाया गया था। करीब डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद भी कोई सहमति नहीं बनी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल वापस प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा। पुलिस ने करीब 20 से 25 लेक्चरर्स को हिरासत में लिया।
1800 एक्सटेंशन लेक्चरर्स प्रदर्शन में हुए शामिल
बुधवार की सुबह 11 बजे से ही सेक्टर-5 धरनास्थल पर एक्सटेंशन लेक्चरर्स विभिन्न जिलों से इकट्ठा होने लगे। दोपहर करीब 2 बजे 1800 एक्सटेंशन लेक्चरर्स चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास का घेराव के लिए निकले। जैसे ही लेक्चरर्स हाउसिंग बोर्ड पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस के रोकने के बाद लेक्चरर्स की तरफ से सरकार का पुतला फूंका गया। इस बीच कई बार एक्सटेंशन लेक्चरर्स की ओर से बैरिकेड हटाने की कोशिश की गई। इसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
दरसअल एक्सटेंशन लेक्चरर्स की ओर से जॉब सिक्योरिटी को लेकर 40 दिन से धरना देकर प्रदर्शन किया जा रहा है। हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर्स एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि मांगों को लेकर कई बार सरकार से बातचीत हुई, लेकिन आज तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। हरियाणा के करीब 2 हजार के करीब एक्सटेंशन लेक्चरर 58 साल तक रोजगार सुरक्षा, महंगाई भत्ता, वार्षिक वृद्धि और सर्विस रूल बनाने की मांग कर रहे हैं।
आप नेता ने साधा निशाना
एक्सटेंशन लेक्चरर्स का प्रदर्शन में समर्थन देने पहुंचे नवीन जय हिंद ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई सालों से एक्सटेंशन लेक्चरर धक्के खा रहे हैं। सरकार इन्हें निकालना चाहती है। हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं इनकी समस्याएं सुनी जाएं। नवीन जयहिंद ने हरियाणा के शिक्षा मंत्री को 10वीं फेल बताते हुए कहा कि वह खुद पीएचडी वालों की समस्या क्या समझेंगे। नवीन ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है। उसके बाद भी बेटियां सड़कों पर प्रदर्शन के लिए मजबूर हैं।