पंचकूला। शहर के 55 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को हरियाणा स्टॉफ सेलेक्शन कमीशन और हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षाओं का आयोजन किया गया। इसमें डेंटल सर्जन और पुलिस सब इंस्पेक्टर पद के उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इस दौरान शहर के सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों के बेल्ट, धागा और गहने उतरवाए गए। शहर के सभी परीक्षा केंद्रों पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए थे।
परीक्षा केंद्रों पर 500 जवानों की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा और नेटवर्क जैमर भी लगाए थे। सेक्टरों के फोटो स्टेट की दुकानों को भी बंद करवा करवाया गया था। सब इंस्पेक्टर के लिए करीब 25 हजार उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसके अलावा डेंटल सर्जन पद के लिए चार हजार उम्मीदवारों ने परीक्षा दी है। पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा ने बताया कि हरियाणा राज्य सरकार की ओर से हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट लागू किया गया था।
इस दौरान सभी जगह सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा देने आए उम्मीदवारों की ओर से इसका पालन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी वाहन या किसी भी अनजान व्यक्ति को ठहरने की अनुमति नहीं दी गई। पंचकूला में सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के द्वारा होटल, ढाबे और सार्वजनिक स्थानों को चेक किया गया।