पंचकूला। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अन्न उत्सव को प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। इस दो दिवसीय उत्सव के दौरान जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 47 हजार कार्डधारकों को मुफ्त अतिरिक्त पांच किलोग्राम गेहूं प्रति सदस्य के हिसाब से वितरित किया जाएगा। इनमें 11 हजार बीपीएल परिवार और 36 हजार अन्य प्राथमिकता वाले परिवार (ओपीएच) शामिल हैं।
विनय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 126 उचित मूल्य की दुकानों (फेयर प्राइस शॉप्स) पर पात्र कार्ड धारकों को राशन वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह राशन पहले से दिए जा रहे राशन के अतिरिक्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत किसी भी राज्य और जिले का पात्र कार्ड धारक कहीं से भी राशन ले सकता है।
उन्होंने बताया कि राशन वितरण के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी उचित मूल्य की दुकानों पर एक-एक सरकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त करने के साथ-साथ एक-एक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दुकानों पर राशन वितरण का कार्य कोविड-19 संबंधी निर्देशों का पालन कर किया जाएगा। इस मौके पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नीरज शर्मा, इंस्पेक्टर सुरेश भी उपस्थित रहे।