पंचकूला। कला के माध्यम से एक कलाकार अपनी सोच को जीवंत कर देता है। दर्शकों को ऐसा लगता है कि ये कलाकृतियां अभी बोल उठेंगी। यह विचार सेक्टर-26 के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राज्यस्तरीय आर्ट वर्क कार्यशाला के दूसरे दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ग्राफिक्स विभाग के प्रोफेसर राकेश बानी ने कहे। इस कार्यशाला में प्रदेश के मॉडल संस्कृति स्कूलों के कला अध्यापकों ने शिरकत की।
डॉ. बानी ने कहा कि नदी, झरने हों या फिर पहाड़ और जंगल। सभी प्राकृतिक खूबसूरत दृश्यों को एक कलाकार अपनी कूची से जीवंत कर देता है। इन कलाकृतियों को देखकर हर किसी का चेहरा खिल जाता है। अब फाइन आर्ट्स की विभिन्न विधाओं जैसे ड्राइंग, पेंटिंग, डिजाइनिंग, स्कल्पटिंग, इंस्टॉलेशन, एनिमेशन में लोग अपना हुनर दिखाकर दौलत और शोहरत दोनों कमा रहे हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हिमाचल प्रदेश कांगड़ा के फाइन आर्ट्स के प्रोफेसर डॉ. वेदप्रकाश पालीवाल ने भी विषय-विशेषज्ञ के तौर पर प्रदेश भर से आए फाइन आर्ट्स के शिक्षकों के साथ अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि अच्छे आर्टिस्ट के लिए फाइन आर्ट्स में अपनी पहचान बनाने की संभावनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मौके पर निदेशालय की तरफ से प्रोग्राम ऑफिसर पूनम, स्कूल की प्रिंसिपल संजू शर्मा, वाइस प्रिंसिपल नीलम शर्मा के अलावा अन्य प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।