पंचकूला। बिजली कटौती से उद्योग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और उद्यमी परेशान हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए वीरवार को शहर के उद्योगपति पावर कालोनी स्थित बिजली निगम के एक्सईएन से मिले और पर्याप्त बिजली आपूर्ति करने की मांग की। लेकिन एक्सईएन भूपेंद्र वधावन ने कहा कि यह मांग पूरी कर पाना उनके बस की बात नहीं है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तय किए गए शेड्यूल के आधार पर ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसके बाद उद्यमियों ने शुक्रवार को बिजली निगम के एमडी साकेत कुमार से मुलाकात करने का फैसला लिया है।
गर्मी का मौसम आते ही बिजली की किल्लत लोगों को सताने लगी है। शहर के उद्योग भी इस चपेट में आने शुरू हो गए हैं। एक्सईएन से मिलने पहुंचे उद्योगपतियों ने बताया कि बिजली नहीं मिलने के कारण एक तरफ जहां उत्पादन बंद हो गया है, वहीं गर्मी के कारण मजदूर रुकने को तैयार नहीं हैं। बिना काम करवाए मजदूरों को वेतन देना पड़ रहा है। इससे उन्हें भारी घाटा हो रहा है। एक्सईएन से मिलने वालों में उद्यमियों की एसोसिएशन के चेयरमैन अरुण ग्रोवर, वाइस चेयरमैन पुनीत गुप्ता, विनय नारद, अजय जैन, सुनील जैन, अमरिंदर सिंह, राकेश कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार जैन, रोहित सैन, गुलशन बब्बर, दीनदयाल, विकास डोगरा, गौरव, संदीप दीवान, दीपक पंवार और नवीन वत्स शामिल थे।
लाइट जाने के बाद बंद हो जाते हैं सीसीटीवी कैमरे
उद्योगपतियों ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण फैक्टरियों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो जाते हैं। वहां करोड़ों रुपये का सामान रखा रहता है। अगर कोई चोरी कर ले जाए तो पता कैसे चलेगा। उद्योगपतियों ने कहा कि कम से कम एक फेस में लाइट दी जाए, जिससे सीसीटीवी कैमरे और मजदूरों के पंखे-कूलर चल सकें।
एक्सईएन बोले, झूठा आश्वासन नहीं दे सकता
उद्योगपति इस बात पर अड़ गए कि वह रात के समय बिजली आपूर्ति दिए जाने के आश्वासन के बाद ही लौटेंगे। इस पर एक्सईएन भूपेंद्र वधावन ने कहा कि वह झूठा आश्वासन नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस पर उद्यमियों ने शुक्रवार को बिजली निगम के एमडी से मुलाकात करने का फैसला लिया।